नई दिल्ली
हरियाणा के यमुना नगर से महिला से गैंगरेप की घटना सामने आई है। यहां पांच वहशी दरिंदों ने एक ऐसी घटना को अंजाम दिया, जिसको सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएं।
जानकारी के अनुसार आरोपियों के महिला के पति को चारपाई से बांधकर महिला के साथ इस घटना को अंजाम दिया। जिसके बाद आरोपी पीड़िता को जुबान खोलने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पीड़िता मूल रूप से पड़ोसी देश नेपाल की रहने वाली बताई जा रही है, जो लंबे समय से यमुना नगर के एक क्षेत्र में रह रही थी। घटना के बाद से पीड़िता काफी सहमी हुई है। आरोप है कि पीड़िता रात को अपने पति के साथ सोई हुई थी, तभी वहां पहुंचे हथियारबंद पांच लोगों ने महिला को दबोच लिया।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता अपने पति के साथ एक किसान के यहां खेतों पर काम करती है।
महिला के अनुसार आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद उसके पति के मोबाइल का सिम भी निकाल कर ले गए। हालांकि महिला ने सामने आने पर सभी आरोपियों को पहचानने का दावा किया है।
घटना के बाद पीड़िता के शोर मचाने पर इकठ्ठा हुए लोगों ने उसके पति को चारपाई से खोला। वहीं, घटना की सूचना पर पहुंचे मालिक ने लोगों को साथ लेकर आरोपियों की खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल के लिए भिजवाते हुए मामले की छानबीन शुरू की है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले में जांच चल रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है।